
UP/Hathras कैलाश ढाबे के सामने हुई फायरिंग के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी शानू को एसओजी, थाना हाथरस जंक्शन और थाना हाथरस गेट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।पुलिस के मुताबिक 18 जून 2026 को कैलाश ढाबे के पास दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग के मामले में दर्ज मुकदमे में शानू फरार चल रहा था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दयानतपुर नहर के पास घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में वह घायल होकर पकड़ा गया।गिरफ्तार आरोपी शानू पुत्र मुकेश मास्टर निवासी गंगचौली, थाना हाथरस जंक्शन के कब्जे से एक 315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल बरामद होने का दावा किया गया है।पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध मारपीट, एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न मामलों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।














