
Hathras UP/ विपक्ष पर गरजते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथफोटो –2 –मंच पर उपस्थित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व अन्य जनप्रतिनिधि
हाथरस। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हाथरस में करीब 548 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अयोध्या को राम भक्तों ने संवारा है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अखिलेश यादव में मथुरा-श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर खुलकर बोलने की हिम्मत नहीं है।
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश को दंगामुक्त, माफिया मुक्त और विकास के पथ पर अग्रसर किया है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले UP के कई जिलों में दंगे और कर्फ्यू आम बात थी, लेकिन पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में कहीं भी दंगा, पथराव या कर्फ्यू की स्थिति नहीं बनी। उन्होंने मथुरा के जवाहर बाग, मेरठ, अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर की घटनाओं का जिक्र करते हुए पिछली सरकारों पर निशाना साधा।
उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रदेश में 12 हजार मोहर्रम जुलूस शांतिपूर्वक संपन्न हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने साफ नियम बनाया है कि ताजिए के नाम पर किसी गरीब का मकान नहीं हटेगा, न ही किसी के छज्जे को तोड़ा जाएगा। जरूरत पड़ने पर ताजिए की ऊंचाई कम करनी होगी, लेकिन आम जनता की सुरक्षा से समझौता नहीं होगा। सीएम योगी ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रोसेसिंग सेंटर और कोल्ड स्टोरेज जैसी सुविधाओं पर जोर देते हुए कहा कि आगरा में इंटरनेशनल पोटैटो सेंटर और वाराणसी में इंटरनेशनल राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट स्थापित किए गए हैं। उन्होंने आलू किसानों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन भी दिया।
मुख्यमंत्री ने 1975 के आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान का सबसे बड़ा अपमान कांग्रेस ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय जयप्रकाश नारायण, डॉ. मुरली मनोहर जोशी और मुलायम सिंह यादव जैसे नेताओं को जेल में डाला गया। उन्होंने कहा कि आज सपा उसी कांग्रेस के साथ गठबंधन कर मुलायम सिंह यादव की विरासत का अपमान कर रही है। सीएम योगी ने अखिलेश यादव पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आप अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाने की बात करते हैं, जबकि रामभक्तों पर गोली आपकी सरकार ने चलवाई थी। अयोध्या को राम भक्तों ने सजा-संवार दिया है, आप पहले पश्चाताप करें और रामलला के दर्शन करें। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि हिम्मत है तो मथुरा और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर भी खुलकर बोलें। सीएम योगी ने हाथरस की हींग और गुड़ की विशेष पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगी। उन्होंने हाथरस, सिकंदराराऊ और सादाबाद विधानसभा क्षेत्रों के लिए 550 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात पर जनता को बधाई दी और कहा कि डबल इंजन सरकार बिना भेदभाव विकास, सुरक्षा और सुशासन के संकल्प के साथ आगे बढ़ती रह। इससे पूर्व मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मंचासीन जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया। मंच पर जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। बॉक्स झलकियां मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन ने चाक चौबंद व्यवस्था रखी। हालांकि किसी भी प्रकार की आशंका से बचने के लिए पुलिस ने काले रंग की शर्ट, काली साडी पहने लोगों को कार्यक्रम स्थल में प्रवेश नहीं दिया। इधर, भारतीय किसान यूनियन चरण सिंह के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला उपाध्यक्ष संजीव कुमार उर्फ भोला सूर्यवंशी,राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, हाथरस के जिलाध्यक्ष रविकांत मिश्र एवं कांग्रेस के चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य को कार्यक्रम की समाप्ति तक हाउस अरेस्ट रखा गया।












