हाथरस। कस्बा में आगरा अलीगढ रोड स्थित रामवती फिलिंग स्टेशन के निकट चल रहे विशाल मेला प्रदर्शनी में बीती देर शाम दो दुकानदारों में आपसी कहासुनी हो गई, उसके बाद दोनों ओर से लात घूंसे चले, जिसमें दो लोग घायल हो गये। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया है।
गुरूवार को मिली जानकारी के अनुसार, हाथरस जंक्शन क्षेत्र के मेंढू निवासी छोटू पुत्र मलिचरण मेला प्रदर्शनी में खेल-खिलौनों की दुकान लगाई है। वहीं, अलीगढ़ के गांधी पार्क निवासी बबलू पुत्र केदार सिंह मेला परिसर में पेटीज और चाउमीन की ढकेल लगाता है। बताते हैं कि बुधवार शाम करीब साढे़ पांच बजे बबलू अपनी ठेल के लिए पानी भर रहा था। इसी दौरान पानी बहकर छोटू की दुकान की तरफ चला गया। इसे लेकर दोनों के बीच पहले मुंहवाद और फिर दोनों ओर से जमकर लात घूंसे चले। जिसमें छोटू और बबलू दोनों चोटिल हो गए। घटना की जानकारी होने पर मेला परिसर में मौजूद अन्य दुकानदार तथा सूचना मिलते ही सासनी कोतवाली पुलिस जवान मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों घायलों को डॉक्टरी परीक्षण और उपचार के लिए सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, सीएचसी में डॉक्टर शुभम ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। वहीं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्रीमती विपिन चैधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।–
मेला प्रदर्शनी में दुकानदारों में घमासान दो घायल














