Black Blue and Neon Pink Modern Tech Electronics and Technology X-Frame Banner
previous arrow
next arrow

77वें गणतंत्र दिवस पर डीएम ने कलेक्ट्रेट में फहराया तिरंगा, संविधान की प्रस्तावना का दिलाया संकल्प

हाथरस। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान का आयोजन हुआ तथा उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक संकल्प दिलाया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक गणराज्य है और प्रत्येक नागरिक को इस पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया, जिससे राष्ट्र निरंतर प्रगति के नए आयाम हासिल कर सके।
इस अवसर पर कारगिल युद्ध सहित विभिन्न सैन्य अभियानों में शहीद हुए जवानों के परिजनों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारजनों को शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने समारोह में राष्ट्रप्रेम का संचार किया, जिनके उत्साहवर्धन हेतु उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारे दायित्वों, विरासत और संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर है। कलेक्ट्रेट केवल एक कार्यालय नहीं, बल्कि एक परिवार है, जहाँ प्रत्येक कर्मचारी—चाहे वह अधिकारी हो या चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी—समान रूप से महत्वपूर्ण है। 26 जनवरी हमें यह स्मरण कराती है कि हम केवल पद पर आसीन नहीं हैं, बल्कि संविधान की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने आगामी 15 अगस्त के अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने परिवारजनों के साथ सहभागिता करने का आह्वान किया तथा नई पीढ़ी को राष्ट्रीय पर्वों से जोड़ने के लिए सेल्फी प्वाइंट विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट आने वाला प्रत्येक नागरिक सम्मान, संवेदनशीलता और अपनत्व का अनुभव करे।कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, अधिवक्ता, प्रबुद्धजन एवं जनपदवासी उपस्थित रहे। विकास भवन सहित समस्त सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा पूरे जनपद में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *