UP/अलीगढ़/ छोटी दीपावली की रात अलीगढ़ रामघाट रोड स्थित मीनाक्षी पुल पर तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने तीन दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार शालिनी पुल से नीचे जा गिरीं, जबकि उनकी बेटी उर्वशी पुल के दूसरी ओर जा गिरी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद कार सवार युवक वाहन छोड़कर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात सफेद ब्रेजा कार रामघाट रोड से दुबे का पड़ाव की ओर जा रही थी। मीनाक्षी पुल पर चालक गलत दिशा में तेज रफ्तार से कार दौड़ाने लगा। पहले एक बाइक और फिर दो स्कूटी को टक्कर मारी। कृष्णा टोला निवासी शालिनी अपनी बेटी के साथ खरीदारी कर लौट रही थीं। हादसे में बाइक सवार ध्रुव, सूरज और बृजेश तथा स्कूटी सवार मनीष भी घायल हुए। सभी को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि कार में चार युवक सवार थे और वे नशे में थे। कार में बीयर की बोतलें मिलीं। डैशबोर्ड पर दरोगा की टोपी रखी थी और कार के आगे-पीछे पुलिस लिखा हुआ था। शालिनी के पति नीरज वर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी का कूल्हा चार जगह से टूट गया है और डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली रेफर करने की सलाह दी है। बेटी उर्वशी को भी कई जगह फ्रैक्चर हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस और एंबुलेंस के करीब 40 मिनट देरी से पहुंचने का आरोप लगाया। एसपी सिटी आदित्य बंसल ने बताया कि कार एटा के गांव नगला नाथा निवासी सेवानिवृत्त दरोगा गुरेश बाबू के नाम पंजीकृत है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार उनका बेटा चला रहा था, जो हादसे के बाद फरार हो गया। कार में मिले सामान की वीडियोग्राफी कराई गई है। मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अलीगढ़;मीनाक्षी पुल पर बेकाबू कार का कहर, मां पुल से नीचे गिरीं; पांच घायल














