फाइल फोटो
UP/Hathras। हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के तमन्ना की गढ़ी मोहल्ले में बुधवार दोपहर करीब एक बजे 25 वर्षीय विवाहिता कृष्णा का शव मकान में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पुलिस और मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अलीगढ़ के इगलास क्षेत्र के मुमरेजा निवासी पुष्पेंद्र की बेटी कृष्णा की शादी चार वर्ष पूर्व तमन्ना की गढ़ी निवासी मोहित के साथ हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। मायके वालों ने आरोप लगाया कि अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर ससुरालीजन कृष्णा को परेशान करते थे। मां के अनुसार सुबह कई बार फोन करने पर कृष्णा ने फोन नहीं उठाया। बाद में मोहित ने फोन कर बताया कि कृष्णा ने फांसी लगा ली है। मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।














