Black Blue and Neon Pink Modern Tech Electronics and Technology X-Frame Banner
previous arrow
next arrow

हाथरस; श्री दाऊजी महाराज राजकीय मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने मेला परिसर का भ्रमण कर किया निरीक्षण

1 25

UP/ HATHRAS; जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आमजन को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

प्रवेश/निकासी व्यवस्था अलग रखने, पार्किंग को सुव्यवस्थित करने तथा आपात स्थिति में त्वरित निकासी की व्यवस्था को सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।
हाथरस, 11 सितंबर, 2026 (सूचना विभाग)। 17 सितंबर, 2026 (बल्देव छठ) से प्रारंभ होने वाले ब्रजक्षेत्र के प्रसिद्ध एवं आमजनमानस की आस्था के प्रतीक श्री दाऊजी महाराज राजकीय मेले के भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ मेला परिसर का भ्रमण कर यथा स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण एवं व्यवस्थाओं को समय प्रत्येक दशा में पूर्ण कर लिया जाएं। मंदिर की रंगाई-पुताई, सी0सी0टी0वी0 कैमरों की स्थापना, कंट्रोल रूम, प्रशासनिक शिविर, इंटरलॉकिंग, बैरिकेडिंग, विद्युत सुरक्षा उपकरण, प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय, जल निकासी एवं अन्य जनसुविधाओं का नियमित निरीक्षण कर कमियों का तत्काल निराकरण कराया जाए। बारिश की स्थिति में किसी भी स्थान पर जलभराव न होने पाए, इसके लिए जल निकासी व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि भीड़ नियंत्रण, यातायात, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आपातकालीन मार्ग हर समय अतिक्रमण मुक्त एवं सुगम रहें। फायर सर्विस एवं पुलिस-प्रशासन के कैंपों को रणनीतिक स्थानों पर स्थापित कर त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित किया जाए। झूलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि दुकानों एवं झूलों का आवंटन निर्धारित ले-आउट के अनुसार ही हो तथा आवागमन के मार्गों पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न होने दिया जाए। पर्याप्त डस्टबिन, नियमित कूड़ा उठान, पेयजल, शौचालय, प्रकाश एवं साइनेज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले के आयोजन से पूर्व पूरे मेला क्षेत्र का ड्राई रन कराया जाए। इसमें सुरक्षा, यातायात, अग्निशमन, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन सेवाओं, प्रकाश एवं जल निकासी सहित सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर कराया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मेले को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए इस बार आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंडाल के शेड का विस्तार कराया गया है तथा आवश्यक सूचनाओं एवं अनाउंसमेंट के लिए मिनी स्टेज का निर्माण कराया गया है। जलभराव एवं गंदगी की समस्या के समाधान के लिए तालाब की ड्रेनिंग एवं सफाई कराई गई है। वेस्ट वाटर के समुचित निस्तारण के साथ मिट्टी भराई कर अतिरिक्त स्थान भी विकसित किया गया है। प्रत्येक दुकान एवं झूले तक सुगम आवागमन के लिए व्यापक स्तर पर इंटरलॉकिंग कराई गई है तथा स्थायी बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा साफ किए गए स्थानों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मेले की भव्यता के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्था सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वि./रा., उप जिलाधिकारी सदर, अग्निशमन अधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका हाथरस सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *