UP/Hathras : विद्याभूषण गर्ग का अभिनन्नद करते विहिप कार्यकर्ता हाथरस। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल (प्रखंड सासनी) के तत्वावधान में श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर, गोहाना के नगला ताल में देर शाम बजरंग दल का साप्ताहिक मिलन कार्रक्रम आयोजित किया गया।
बुधवार को कार्यक्रम की शुरुआत सत्संग एवं धार्मिक गतिविधियों के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। सत्संग के उपरांत हाल ही में आयोजित प्रांत बैठक में जिला सेवा प्रमुख विद्याभूषण गर्ग को प्रांत सेवा टोली सदस्य बनाए जाने पर संगठन की ओर से उनका नागरिक अभिनंदन किया गया। श्री गर्ग को पटका पहनाकर एवं पगड़ी बांधकर सम्मानित करते हुए नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं। विहिप के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने संगठन की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों और सेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज को संगठित रहकर सामाजिक एवं धार्मिक जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने वर्तमान समय में सनातन समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी अपने विचार व्यक्त किए और लोगों से सजग रहने का आह्वान किया। प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा ने युवाओं से समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल से जुड़कर सेवा एवं संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही राष्ट्र और संस्कृति की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय, प्रखंड उपाध्यक्ष हेमंत कौशल, सह मंत्री सचिन भार्गव, सह समरसता प्रमुख आशीष शर्मा, देदामई खंड अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, बजरंग दल सह संयोजक सत्यम रावत, वार्ड संयोजक अंकित शर्मा, अमन भार्गव, गौरव उपाध्याय, आशीष शेखावत, विभु भारद्वाज सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
विहिप व बजरंग दल के साप्ताहिक मिलन में किया विद्याभूषण गर्ग का नागरिक अभिनंदन














