आरएसएस ने किया युवा पहलवानों के साथ संवाद
UP/Hathras। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष में हो रहे विभिन्न कार्यक्रमों बाकी श्रंखला में इगलास रोड स्थित एक कोल्ड स्टोर के प्रांगण में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवा पहलवानों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मुख्य वक्ता हरिगढ़ विभाग प्रचारक गोविंद ने युवाओं से संवाद करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि युवा ही भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। बलशाली शरीर, जागरूक सोच और मजबूत चरित्र वाला युवा ही देश एवं राष्ट्र की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं से जागरूक रहने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने का आह्वान किया।
गोविंद ने कहा कि भारत में विविध रंग, जाति, मत और विचार हो सकते हैं, लेकिन जब देश के सामने कोई चुनौती आती है तो हम सभी को एकजुट होकर उसका मुकाबला करना चाहिए। गोविंद ने कहा कि आरएसएस का उद्देश्य समाज को जोड़ना, भारत के विकास को गति देना और स्वाभिमान से युक्त युवाओं की मजबूत पीढ़ी तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि भारत कमजोर देश नहीं है। देश को कमजोर करने के लिए विदेशी षड्यंत्रकारियों द्वारा प्रयास किए जाते रहे हैं, लेकिन भारत की एकता, संस्कृति और युवा शक्ति इन चुनौतियों का सामना करने में सक्षम है। उन्होंने युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करते हुए कहा कि हमें संकल्प लेना चाहिए कि देश के लिए जिएंगे और देश के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करेंगे।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा पूरी दुनिया को जीवन जीने का मार्ग दिखाने की क्षमता रखती है। युवा राष्ट्र निर्माण, सामाजिक एकता और अपने व्यक्तित्व विकास का संकल्प लें। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी रामवीर सिंह ने की। इस अवसर पर विभिन्न अखाड़ों के युवा पहलवान मौजूद रहे।














