Black Blue and Neon Pink Modern Tech Electronics and Technology X-Frame Banner
previous arrow
next arrow

HATHRAS: हनुमान गली में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में पांच और दस रुपये के सिक्के बरामदडीएम के निर्देश पर एसडीएम सदर की छापेमारी, स्रोत नहीं बता सका परिवार, जांच शुरू

UP/Hathras: एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह के नेतृत्व में छापेमारी करते हुए हाथरस। शहर की हनुमान गली में  प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रचलित भारतीय मुद्रा बरामद की। जिलाधिकारी अतुल वत्स के निर्देश पर एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह के नेतृत्व में की गई छापेमारी के दौरान नवीन पुत्र अनूप कुमार के आवास से बड़ी संख्या में पांच और दस रुपये के सिक्के बरामद हुए। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।प्रशासनिक टीम ने मौके पर मौजूद परिवारजनों से बरामद मुद्रा के संबंध में पूछताछ की, लेकिन वे धनराशि के स्रोत से जुड़े कोई संतोषजनक दस्तावेज या साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सके। मामले की संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है।बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान कई कट्टों में भरे सिक्के मिले। स्थानीय लोगों के अनुसार इनकी संख्या काफी अधिक है। हालांकि प्रशासन ने अभी बरामद मुद्रा की आधिकारिक मात्रा या मूल्य की पुष्टि नहीं की है। जब्त किए गए सिक्कों की गिनती जारी है और गिनती पूरी होने के बाद कुल राशि सार्वजनिक की जाएगी।एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह ने बताया कि बरामद प्रचलित भारतीय मुद्रा को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए कोतवाली सदर पुलिस के सुपुर्द किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों की टीम गठित कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में सिक्के किस माध्यम से एकत्र किए गए, उनका उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जाना था तथा क्या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है।इस बीच फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यदि प्रचलित भारतीय मुद्रा को गलाने अथवा किसी अन्य अवैध उद्देश्य से एकत्र किया गया है तो ऐसे समाज विरोधी और राष्ट्रविरोधी कृत्यों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार के अवैध कार्य करने का साहस न कर सके।फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले के संबंध में अंतिम स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *