UP/ Hathras हाथरस।सासनी-हाथरस मार्ग गांव बरसे स्थित पेट्रोल पंप के निकट पर एक तेज रफ्तार टाटा लोडर और महिंद्रा थार गाड़ी में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें दोनों वाहनों के चालक बाल-बाल बच गये।रविवार को मिली जानकारी के अनुसार टाटा लोडर सासनी से हाथरस की ओर जा रहा था। वहीं महेन्द्रा थार हाथरस से अलीगढ की ओर जा रही थी। बताते हैं कि जैसे ही दोनों वाहन गांव बरसे स्थित पेट्रोल पंप के निकट पहुंचे तो आमने सामने से भिड गये जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो हो गये। घटना की जानकारी होने पर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर दौड़ पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहनों की गति काफी तेज थी, जिसके कारण संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद मौके देखते ही देखते लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। इस बीच, खुद को घिरता देख और पुलिस कार्रवाई के डर से टाटा लोडर और थार के चालक अपने-अपने वाहनों को मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इस दुर्घटना की सूचना सासनी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क के बीच से हटवाकर अपने कब्जे में लिया, जिससे यातायात बाधित न हो। पुलिस चालकों के नंबरों और वाहनों के रजिस्ट्रेशन कार्ड के जरिए उनके मालिकों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
टाटा लोडर और थार में भीषण भिड़ंत, चालक फरार














