हाथरस / योजनाओं की जानकारी देते सूचना विभाग कर्मी हाथरस। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला सूचना विभाग द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित तीन दिवसीय विशेष विकास एवं जनकल्याणकारी प्रदर्शनी का बुधवार को समापन हो गया। 16 जून से शुरू हुई इस प्रदर्शनी में तीनों दिनों तक बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।प्रदर्शनी में युवा, महिला एवं गरीब कल्याण, वृहद इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाएं, आध्यात्मिक एवं पर्यटन स्थलों का विकास, आंतरिक सुरक्षा के सुदृढ़ मॉडल तथा विकसित उत्तर प्रदेश-2047 जैसे विषयों को आकर्षक चित्रों एवं सूचनात्मक सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, हर घर जल, किसान सम्मान निधि, महिला सशक्तिकरण तथा रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी भी प्रमुखता से दी गई।प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश में विकसित हो रहे एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, आधुनिक हवाई अड्डों, औद्योगिक गलियारों तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास संबंधी जानकारी भी प्रदर्शित की गई। प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों से अवगत कराना तथा उन्हें विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना रहा।समापन दिवस पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें खिंचवाईं। इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा ‘विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष’ तथा ‘फर्क साफ है’ शीर्षक प्रचार सामग्री एवं पुस्तिकाओं का भी वितरण किया गया।–
तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का समापन, योजनाओं की जानकारी लेने उमड़े नागरिक














