Black Blue and Neon Pink Modern Tech Electronics and Technology X-Frame Banner
previous arrow
next arrow

सासनी की दाऊजी गौशाला में कमिश्नर और डीएम ने किया पौधारोपण, नवाचार की सराहना


हाथरस /सासनी-6 जून। दाऊजी गौशाला में शनिवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अलीगढ़ मंडल की कमिश्नर संगीता सिंह, जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से शिरकत की। इस दौरान अतिथियों ने एक वृक्ष मां के नाम अभियान के तहत गौशाला परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत में कमिश्नर संगीता सिंह ने विधि-विधान से गौ माता की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और गौशाला में व्यवस्थाओं तथा हो रहे विकास कार्यों की जमकर सराहना की।
शनिवार को आयोजित कार्रक्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने गौशाला में किए गए बेहतरीन नवाचार और कबाड़ से जुगाड़ की तकनीक के बारे में जानकारी दी। डीएम ने बताया कि इस गौशाला के निर्माण में एक अनोखा प्रयोग किया गया है, जिसके तहत विभाग में बेकार और खराब पड़े नालों के पाइपों का उपयोग किया गया है। इस वेस्ट मटेरियल (खराब पाइपों) के इस्तेमाल से न केवल सरकारी धन की बड़ी बचत हुई है, बल्कि कबाड़ का भी बेहद रचनात्मक उपयोग सुनिश्चित किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि गौशाला में गोवंश के आश्रय के लिए एक विशाल और मजबूत टिन शेड गोवंश को मौसम की मार से बचाएगा। कमिश्नर संगीता सिंह ने इस पूरे मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि यह जनपद की पहली ऐसी अनूठी गौशाला है, जहाँ इतने व्यवस्थित, आधुनिक और कम लागत वाले शानदार कार्य किए गए हैं। उन्होंने इस सराहनीय प्रयास को अन्य क्षेत्रों के लिए भी अनुकरणीय बताया। अधिकारियों ने गौशाला की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने और इस नवाचार को धरातल पर उतारने के लिए खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सुरेंद्र सिंह और पंचायत सचिव विदेश शर्मा के प्रयासों की विशेष रूप से सराहना की। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों सहित स्थानीय लोग और गौशाला प्रबंधन से जुड़े तमाम गणमान्य जन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *