हाथरस। बीती रात मजदूरी कर अपने घर जा रहे एक पैदल युवक को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे जिला अस्पताल पहुंच गए। जानकारी के अनुसार थाना हाथरस गेट क्षेत्र के मथुरा रोड स्थित कृष्ण हेल्थ केयर के पास 32 वर्षीय किशोर सिंह पुत्र रोशन लाल, निवासी नगला मोठा, मजदूरी कर एक गलीचा फैक्ट्री से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान अज्ञात बाइक सवार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल किशोर सिंह की अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।




