हाथरस। स्मार्ट मीटर के विरोध में शनिवार सुबह सैकड़ों महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कोतवाली सदर क्षेत्र के नवींपुर स्थित आरडी कॉलेज के पास बने बिजलीघर पर पहुंचकर महिलाओं ने पहले घेराव किया। मौके पर कोई जिम्मेदार अधिकारी न मिलने पर आक्रोशित महिलाओं ने बस स्टैंड से आगे आगरा रोड पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के दौरान कई महिलाएं सड़क पर बैठ गईं और जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली के बिलों में अचानक भारी बढ़ोतरी हो गई है। साथ ही बिना पूर्व सूचना के बिजली कटौती भी की जा रही है, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जाम लगने से शहर के मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को समझाकर करीब आधे घंटे बाद जाम खुलवाया।
प्रदर्शन में शामिल महिलाएं नवींपुर खुर्द की निवासी थीं। उनकी मांग है कि स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर दोबारा लगाए जाएं, ताकि उन्हें राहत मिल सके।




