हाथरस 12 दिसम्बर, 2025 (सूचना विभाग)। जनपद स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में करते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निदान करने और नये आधार कार्ड बनाने की गति तेज करने के निर्देश दिये।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आधार से जुड़े कार्यों में गति और सटीकता बनाए रखने, लाभार्थियों को सुगम सेवाएँ प्रदान करने और समयबद्ध कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंजीकरण और अद्यतन केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं का समय पर प्रावधान किया जाए। किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या के त्वरित निवारण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि आधार नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहचान है और इसका सटीक एवं समय पर अद्यतन होना आवश्यक है। जनपद में आधार कार्यों में किसी प्रकार की देरी या त्रुटि न हो, और प्रत्येक नागरिक को उनकी डिजिटल पहचान से संबंधित सभी सेवाएँ आसानी से उपलब्ध हों। उन्होंने निर्देशित किया कि 0-5 वर्ष के बच्चों के आधार नामांकन किया जाये और उसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि न की जाये। जिलाधिकारी ने जनसामान्य से अनुरोध किया है कि आधार एक अति महत्वपूर्ण दस्तावेज है इसके माध्यम से केन्द्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिलता है इसलिये इसका अपडेटेड होना जरूरी और लाभदायक है, अगर आपका आधार अपडेटेड होता है तो आपको केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में बहुत आसानी होती है। आधार अपडेट के लिये अपने पते एवं पहचान का वैध प्रमाण लेकर अपने नजदीकी आधार केन्द्र आये और अपना आधार अपडेट करायें।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, परियोजना निदेशक, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उप निदेशक कृषि, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




