Black Blue and Neon Pink Modern Tech Electronics and Technology X-Frame Banner
previous arrow
next arrow

विधवा महिला की जमीन पर दबंगों का कब्जा, न्याय की आस में जिलाधिकारी के दर पर

हाथरस: एक विधवा महिला ने अपनी कृषि भूमि पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जे और जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। रेलवे कॉलोनी, हाथरस निवासी कुसुम पत्नी स्वर्गीय तेज सिंह ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया है कि उन्होंने मौजा नगला दना, थाना चंदपा स्थित खाता संख्या 8, खसरा संख्या 30, रकबा 1.279 हेक्टेयर कृषि भूमि बैनामा द्वारा खरीदी थी। कुसुम का कहना है कि उनके पति के आकस्मिक निधन के बाद यह जमीन ही उनके और उनके बच्चों के जीवनयापन का एकमात्र साधन है। लेकिन, कुछ दबंग लोग जिनका संबंध नगला दना से है, लगातार उन्हें और उनके बच्चों को डरा-धमका रहे हैं और उनकी कृषि भूमि पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। महिला ने बताया कि हाल ही में जब वह अपने खेत में गई थीं, तो दबंगों ने पुलिस की सहायता से उन्हें वहां से भगा दिया और उनके बच्चों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। इससे पूरा परिवार दहशत में है। कुसुम ने जिलाधिकारी से विनम्र निवेदन किया है कि विपक्षियों द्वारा उनकी भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य तत्काल रोका जाए और थाना चंदपा पुलिस को आदेश दिए जाएं कि उन्हें उनकी भूमि पर वैधानिक कब्जा दिलाने में सहायता करें, साथ ही उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इस मामले में किसान यूनियन भानू के प्रदेश संगठन मंत्री सतेन्द्र सिंह और उनके कार्यकर्ताओं ने घटना स्थल पर पहुंचकर महिला को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। प्रदेश मंत्री ने कहा कि यदि विधवा महिला को न्याय नहीं मिला, तो संगठन मजबूत धरने का आयोजन करेगा और उनकी हर संभव मदद करेगा। इस घटना ने न केवल महिला के लिए बल्कि पूरे समुदाय के लिए चिंता का विषय बना दिया है, और सभी की नजरें अब जिलाधिकारी और स्थानीय प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *