Black Blue and Neon Pink Modern Tech Electronics and Technology X-Frame Banner
previous arrow
next arrow

हाईटेक होगी हाथरस की जेल:184 करोड़ से बन रही, कारागार में होगी हाई सिक्योरिटी बैरक, ब्रेकरी व कुटीर उद्योग

हाथरस। जनपद में जिला कारागार का निर्माण हो रहा है। यहां 1026 कैदियों को रखने की क्षमता होगी। इसमें डबल स्टोरी बैरक , पुरुषों के साथ महिला व किशोर सुधार गृह, गोशाला , चक्की घर, ब्रेकरी, कुटीर उद्योगों के लिए वर्क शेड, गेस्ट हाउस आदि का भी निर्माण होगा।हाथरस में इगलास रोड पर गांव बीछिया के निकट जिला कारागार का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। यह कारागार आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। करीब 184 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस कारागार के भवन का निर्माण अगले साल फरवरी तक पूरा किया जाना है। फिलहाल इसका 26 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। कारागार में कुल 1026 कैदियों को रखने की क्षमता होगी। इसमें डबल स्टोरी बैरक का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें पुरुषों के साथ महिला व किशोर सुधार गृह के लिए भी बैरक तैयार हो रही हैं। कारागार में गो पालन के लिए गोशाला का भी निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही चक्की घर, ब्रेकरी, कुटीर उद्योगों के लिए वर्क शेड के अलावा गेस्ट हाउस का भी निर्माण किया जा रहा है। करीब 14 एकड़ की जगह खेती के लिए छोड़ी जा रही है। पानी की आपूर्ति के लिए बाकायदा भूमिगत और अवर जलाशय का निर्माण हो रहा है।बजल निकासी के लिए भी यहां आधुनिक सुविधाएं होगी। इसके लिए यहां एसटीपी प्लांट की स्थापना होगी। इसमें गंदे पानी का ट्रीटमेंट कर उससे मिलने वाले स्वच्छ पानी का प्रयोग खेती व अन्य कार्यों के लिए किया जाएगा। कैदियों के लिए साधारण और वेस्टर्न शौचालय भी हर बैरक में होंगे। दिन और रात के प्रयोग के लिए अलग-अलग शौचालय होंगे।एके राही, अधिशासी अभियंता, भवन खंड लोनिवि, अलीगढ़ का कहना है कि
जिला कारागार के भवन का निर्माण कार्य काफी तेजी से चल रहा है। मानक के अनुरूप करीब 26 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। फरवरी 2026 तक निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

बॉक्स
इस तरह हो रहा कारागार का निर्माण

-120 कैदियों की क्षमता वाले कुल छह बैरक होंगी कारागार में।
-60 कैदियों की क्षमता की एक महिला बैरक होगी।
-60 कैदियों की क्षमता की किशोर सुधार गृह की बैरक होगी।
-60 कैदियों की क्षमता की क्वारंटीन बैरक होगी।
-60 कैदियों की क्षमता की एक रिजर्व बैरक होगी।
-54 बिस्तर वाला एक अस्पताल भी होगा।

बॉक्स
सुरक्षा की दृष्टि से भी हाईटेक होगा कारागार

हाथरस। कारागार में डबल लेयर की सुरक्षा होगी। इसमें बाहरी दीवार करीब 1.8 मीटर ऊंची होंगी, जिन पर कांटे लगे होंगे। इसके बाद भीतरी दीवारें 6.7 मीटर यानी करीब 22 फुट ऊंची होंगी। इसमें आम बैरक के साथ ही 12 कैदियों की क्षमता वाली हाईसिक्योरिटी बैरक भी होगी, जिसमें कई प्रकार के आधुनिक सुरक्षा इंतजाम होंगे।

बॉक्स
चहारदीवारी के साथ बैरकाें की भी बनने लगी छत

हाथरस। करीब 64 एकड़ भूमि पर बनाए जा रहे जिला कारागार की चहारदीवारी बन चुकी है। इसमें बैरक आदि भवनों के निर्माण के लिए पिलर लगाकर छत बनाने का काम पूरा किया जा रहा है। करीब 26 फीसदी कार्य पूरा किया जा चुका है। यहां दिन के साथ रात में भी निर्माण कार्य किया जा रहा है।

बॉक्स
जल्द बनेगी जिला कारागार जाने वाली सड़क

हाथरस। वर्तमान में इगलास रोड से गांव बीछिया जाने वाला रास्ता काफी जर्जर है। जिला कारागार का निर्माण पूर्ण होने से पहले इस सड़क का निर्माण भी जिला प्रशासन की ओर से कराया जाएगा, जिसका सीधा फायदा इस मार्ग पर बसे गांवों के लोगों को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *