UP/Hathras; एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स के सदस्य ज्ञापन देते हुए हाथरस। जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और गंभीर बीमारियों के उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स (ADHR) ने राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष कमलकांत दोवराबाल की देखरेख में सौंपे गए ज्ञापन में हृदय रोग, न्यूरोलॉजी, कैंसर, गुर्दा एवं अन्य गंभीर बीमारियों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग की गई। संगठन ने कहा कि विशेषज्ञ सुविधाओं के अभाव में मरीजों को उपचार के लिए अलीगढ़, आगरा और दिल्ली जाना पड़ता है।

ज्ञापन में MRI सहित आधुनिक जांच सुविधाओं का विस्तार, विशेषज्ञ ओपीडी, टेलीमेडिसिन सेवा, गंभीर बीमारियों के लिए विशेष चिकित्सा इकाइयां विकसित करने तथा जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों के स्वीकृत और रिक्त पदों का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई गई। प्रवीन वार्ष्णेय ने कहा कि गरीब मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों में भटकना न पड़े, इसके लिए हाथरस में ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। CMO ने ज्ञापन शासन को भेजकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान अनिल अग्रवाल, राजेश वार्ष्णेय और अमन बंसल सहित संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।














