UP/Hathras। सासनी क्षेत्र में प्रशासन और पुलिस ने कालाबाजारी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। अधिकारियों ने सरकारी चावलों से भरे हुए दो संदिग्ध ट्रकों को पकड़ा है, जिनमें कुल 421 बोरे चावल बरामद हुए हैं। पुलिस ने दोनों ट्रकों को अपने कब्जे में लेकर श्री हनुमान जी पुलिस चैकी पर खड़ा कर दिया है और मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है।
गुरूवार को प्रशासनिक अफसरों को पुख्ता सूचना मिली थी कि क्षेत्र में सरकारी कोटे या राशन के चावल की बड़े पैमाने पर कालाबाजारी की जा रही है। इसी सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सासनी के पूर्ति निरीक्षक रवेन्द्र कुमार ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दोनों ट्रकों से 421 बोरे सरकारी चावल मिले हैं। फिलहाल ट्रकों को श्री हनुमान जी पुलिस चैकी पर खड़ा कर दस्तावेजों और चावल के स्रोतों की जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले में कोई ठोस बात आधिकारिक तौर पर कही जा सकेगी।
दो दिन पहले भी पकड़े गए थे 181 बोरे
गौरतलब है कि सासनी क्षेत्र में सरकारी खाद्यान्न की अवैध तस्करी और कालाबाजारी का यह कोई पहला मामला नहीं है। महज दो दिन पहले ही स्थानीय प्रशासन ने इसी तरह की एक अन्य कार्रवाई में 181 बोरे सरकारी चावल पकड़े थे। उस मामले में प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि क्षेत्र में अवैध रूप से सरकारी चावल का भंडारण और कालाबाजारी करने वाला कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है। पुलिस और आपूर्ति विभाग इस बात की टटोल कर रहा है कि यह चावल कहां से आया था और इसे किसे सप्लाई किया जा रहा था। इस दूसरी बड़ी कार्रवाई के बाद क्षेत्र के कारोबारियों और माफियाओं में खलबली मची हुई है।














