UP/Aligarh: श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अलीगढ़ जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में “नो इंसिडेंट-नो एक्सीडेंट” के लक्ष्य के साथ सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने कांवड़ मार्गों की साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कांवड़ मार्गों पर मीट की दुकानों को बंद रखने और आबकारी दुकानों को ढकने के निर्देश दिए। रामघाट-कल्याण मार्ग की खराब मरम्मत पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराने के लिए अधिकारियों को कहा। नगर निगम और अन्य विभागों को प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी, सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा इंतजामों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। डीएम ने सभी अधिकारियों को क्षेत्र में रहकर लगातार निगरानी करने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी दी। इस अवसर पर नगर आयुक्त, एसपी सिटी, एडीएम सिटी, एसपी ट्रैफिक, एसपी ग्रामीण, एडीएम प्रशासन, समस्त एसडीएम एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित, अग्निशमन अधिकारी, सभी अधिशासी अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कांवड़ यात्रा को लेकर अलर्ट मोड में अलीगढ़ प्रशासन, डीएम का सख्त संदेश- “नो इंसिडेंट, नो एक्सीडेंट














