अलीगढ / नगर निगम ने मंगलवार को नौरंगाबाद क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान अतिक्रमण को ध्वस्त कराते हुए अवैध प्रचार सामग्री को भी हटवाया। प्रवर्तन दल की टीम ने 6700 रुपये जुर्माना भी वसूला। सहायक नगर आयुक्त वीर सिंह व प्रवर्तन दल के टीम लीडर मुनेश पाल सिंह की अगुवाई में प्रवर्तन दल व निर्माण विभाग की टीम बुलडोजर लेकर नौरंगाबाद पहुंच गई। नौ देवी मंदिर से लेकर पेट्रोल पंप तक दोनों ओर टीम ने अतिक्रमण हटाया। इस दौरान दुकानदारों ने विरोध किया, लेकिन अधिकारियों ने किसी की नहीं सुनी। सहायक नगर आयुक्त ने कहा कि अतिक्रमण तुरंत हटा लें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।




