टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम के चैंपियन बनने के बाद जय शाह ने कहा कि कोई भी टीम संस्था से बड़ी नहीं होती। उन्होंने बिना नाम लिए संकेत दिया कि टूर्नामेंट से पहले कुछ टीमों की भागीदारी को लेकर बनी स्थिति ने प्रतियोगिता के भविष्य को खतरे में डाल दिया था। दरअसल विश्व कप से पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा का हवाला देकर अपने मैच दूसरे देश में कराने की मांग की थी, जिसे आईसीसी ने खारिज कर दिया था। वहीं पाकिस्तान ने भी भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार किया था, हालांकि बाद में उसने अपना फैसला बदल दिया। शाह ने टूर्नामेंट की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि इस विश्व कप ने दर्शकों के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। उन्होंने भारतीय टीम को भी संदेश देते हुए कहा कि शीर्ष पर बने रहने के लिए लगातार मेहनत करना जरूरी है।


