UP/HATHRAS। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत जिलाधिकारी सत्यप्रकाश पटेल ने कलेक्ट्रेट परिसर से प्रचार वाहनों और दोपहिया बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट, सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल व लापरवाही से बचने की अपील की। उन्होंने बताया कि 30 नवंबर तक चलने वाले अभियान में स्कूली बच्चों, वाहन चालकों और परिवहन से जुड़े लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। एनसीसी कैडेट्स ने स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर फ्लैग मार्च किया। इस दौरान डीएम ने कैडेट्स और बाइक चालकों से यातायात संकेतकों की जानकारी भी ली। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, जिला सूचना अधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।















