UP/HATHRAS; हाथरस के चंदपा कोतवाली क्षेत्र के परसारा गांव में एक 25 वर्षीय युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव फंदे पर लटका मिलने का मामला सामने आया है। युवक का शव उसकी बहन के घर के एक कमरे में कुंडी से दुपट्टे के सहारे लटका मिला है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची इलाका पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल युवक की मौत का कारण पता नहीं चल सका है।


बहन के घर घूमने आया था युवक
मृतक की पहचान मथुरा जिले के गोवर्धन थाना क्षेत्र के माधुरी कुंड निवासी लोकेश पुत्र पप्पू सिंह के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 25 वर्ष बताई गई है। जानकारी के अनुसार, लोकेश छह अक्टूबर को हाथरस के परसारा गांव में अपनी बहन मोहन देवी के घर घूमने आया था। मोहन देवी की शादी परसारा गांव निवासी भरत सिंह के साथ हुई है।
बताया गया है कि मोहन देवी पिछले करीब दो महीने से अपने मायके माधुरी कुंड में रह रही हैं। इसके बावजूद लोकेश के परसारा स्थित बहन के घर पहुंचने की जानकारी सामने आई है। लोकेश शादीशुदा था। उसकी मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
युवक की कथित आत्महत्या के कारणों का नहीं चला पता
घटना की सूचना मिलने पर चंदपा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों की पुष्टि हो सके।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि लोकेश ने यह आत्मघाती कदम उठाया है या मौत का कारण कुछ और है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।














